बहराइच। पहले सवारी ले जाने को लेकर एक ऑटो चालक ने दूसरे चालक को पेट में घूंसा मार दिया, जिससे वह नीचे गिर गया। चालक को अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सुलह करा दी। शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया। थानाध्यक्ष मिर्गी आने से गिरकर मौत की बात कह रहे हैं।
मटेरा थाना अंतर्गत मदरहा गांव निवासी नासिर (45) ऑटो का संचालन करते थे। वहीं लालपुर निवासी मुबारक भी ऑटो चलाते हैं। दोनों लोग प्रतिदिन मटेरा चौराहे से मटेरा तक सवारियों को पहुंचाते थे। चौराहे के लोगों ने बताया कि मंगलवार सुबह नौ बजे चौकी के निकट पहले सवारी ले जाने को लेकर नासिर और मुबारक में विवाद हुआ। नाराज मुबारक ने नासिर के पेट में तेजी से घूंसे से वार कर दिया।
चोट लगने से नासिर जमीन पर गिर गया। उसे कुछ दूरी पर स्थित एक प्राईवेट नर्सिंगहोम ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी मटेरा थाने में दी। थानाध्यक्ष ने हलका दरोगा को मौके पर भेजा। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह करवा दी। थानाध्यक्ष चौथीराम यादव का कहना है कि नासिर मिर्गी का रोगी था, जिससे वह जमीन पर गिरा और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी नहीं करवाया बल्कि हलका दरोगा मामले में सुलह कराने में लगे रहे।