बहराइच में ऑटो और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में भाई-बहन समेत तीन की मौत हो गई। जबकि, तीन अन्य लोग घायल हो गए। आरोपी चालक कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के बहराइच में सोमवार देर रात ऑटो और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना से घरों में चीख पुकार मच गई। हादसा कैसरगंज थाना क्षेत्र में बहराइच-लखनऊ मार्ग पर कोनारी डाक बंगला के पास हुआ।
विज्ञापन
जरवलरोड के घूरनपुर के कसमढ़ा साईपुरवा गांव निवासी कुछ लोग सोमवार को खरीदारी के लिए नगर मुख्यालय गए थे। देर रात ऑटो से वापस घर लौट रहे थे। कैसरगंज बाजार से आगे कोनारी डाक बंगले के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही मौके पर चीख पुकार मच गई।
हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार सोनम (13) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उसके पिता इकबाल अहमद (40), भाई फैजान (8), नाजरुन (35) और शफीक (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोनम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज, बहराइच रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान फैजान, शफीक और नाजरुन की हालत गंभीर होने पर तीनों को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, लखनऊ में उपचार के दौरान मंगलवार को शफीक और फैजान ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि फैजान पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस कार छोड़कर भागे चालक की तलाश कर रही है।