रुपईडीहा के औरहवा में ग्रामीण की हत्या के बाद गमगीन परिवारीजन।
- फोटो : BAHRAICH
रुपईडीहा (बहराइच)। थाना क्षेत्र के औरहवा निवासी ग्रामीण को गांव का ही एक व्यक्ति सुबह बुलाकर ले गया था। दोपहर बाद उसका शव जंगल में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। उसके भाई ने मामूली कहासुनी के बाद हत्या किए जाने की आशंका जतायी है। उसके सिर और पैर पर गंभीर चोटों के निशान भी मिले हैं। परिवारीजनों ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र के औरहवा गांव निवासी बंशीधर (45) की पत्नी संझौता ने बताया कि उसके पति का गांव के ही पटवारी से कुछ दिन पूर्व विवाद हुआ था। वह रविवार की सुबह पति को घर बुलाने आए थे। इसके बाद से वह नहीं लौटे।
दोपहर बाद गांव निवासी धीरा महतो ने सूचना दी कि बंशीधर का शव जंगल में एक पेड़ पर फंदे से लटक रहा है। इसके बाद बंशीधर का भाई हृदयराम व अन्य लोग मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारा गया। बंशीधर के सिर और पैर में गंभीर चोट के निशान थे।
हत्या की आशंका जताते हुए परिवार के लोग तमाम लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर शव रखकर थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर दिया। वे हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने का आरोप लगा रहे थे। पत्नी संझौता पछाड़े खाकर रो रही थी।
प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। हत्या की पुष्टि होने पर दोषियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
सरल स्वभाव का था बंशीधर
मृतक बंशीधर की चार बेटियां नीलम, राधिका, चंदा व सीमा हैं। इसके अलावा एक पुत्र अरविंद वर्मा भी है। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। सभी पिता की मौत के बाद रोते हुए हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि बंशीधर काफी सरल स्वभाव का था। संदिग्ध हालात में पेड़ से शव मिलना हत्या किए जाने की ओर इशारा कर रहा है।