बहराइच में बृहस्पतिवार को हड़ताल के दौरान धरना-प्रदर्शन करते कर्मचारी।-संवाद
बहराइच। बिजली कर्मियों की हड़ताल के बाद जिला प्रशासन ने व्यवस्था को चाक चौबंद बनाए रखने के लिए उपकेंद्रों को पुलिस के हवाले कर दिया। बृहस्पतिवार को उपकेंद्र का संचालन नोडल अधिकारियों व पुलिस की निगरानी में हुआ। इस दौरान कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था बाधित रहने से नागरिक बिजली-पानी को तरस गए। हालांकि जहां-जहां विद्युत व्यवस्था बाधित हुई वहां अस्थाई रूप से लगाए गए कर्मियों ने व्यवस्था पर काबू पा लिया।जिले में बिजलीकर्मियों की हड़ताल के बाद बीते बुधवार को डीएम डा.दिनेश चंद्र व एसपी प्रशांत वर्मा ने बैठक कर उपकेंद्रों को पुलिस के हवाले सौंपते हुए नोडल अधिकारियों व अन्य कर्मियों की अस्थाई रूप से तैनाती करा दी थी। इस दौरान तहसील क्षेत्र के अधिकारियों ने तहसील क्षेत्र में पड़ने वाले उपकेंद्रों पर कोई गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करे, तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश भी डीएम ने दिए थे। बृहस्पतिवार को जिले के उपकेंद्रों पर पुलिस व नोडल अधिकारियों की देखरेख में संचालित दिखाई दिए। हालांकि शहर मोहल्ला मेवातीपुरा, बरहियापुरा, कटीचौराहा क्षेत्र में देर रात फेस में आई गड़बड़ी के चलते कई घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान लोगों को बिजली-पानी के लिए परेशान होना पड़ा। इसके अलावा बड़ीहाट, ब्राम्हणीपुरा, दरगाह समेत अन्य क्षेत्रों में भी आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि उपकेंद्रों पर तैनात किए गए अस्थाई कर्मचारियों की सजगता से लोगों को खासी परेशानी नहीं उठानी पड़ी।
बंद रहे बिजली बिल के काउंटर
बिजलीकर्मियों की हड़ताल के चलते जिले सभी उपकेंद्रों व पावर हाउसों पर बिजली बिल के काउंटर पर पूर्णतया तालाबंदी दिखाई दी। इस दौरान बिजली बिल जमा करने पंहुचे उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा। कुछ उपभोक्ताओं के बिजली बिल न जमा करने पर पूर्व काटी गई लाइनों को जुड़वाने के लिए भी काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
बिजलीकर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी, नारेबाजी से गूंजा ऊर्जा भवन
बहराइच। मांगों के समर्थन व ऊर्जा विभाग के शीर्ष प्रबंधन के खिलाफ शुरू हुई बिजलीकर्मियों की हड़ताल बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान सभी ने शहर के मालगोदाम रोड स्थित ऊर्जा भवन पर धरना प्रदर्शन कर विभाग के उच्चाधिकारियोंं के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रात 10 बजे से 72 घंटे की अनवरत हड़ताल की घोषणा की।बिजली कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के जनपद संयोजक एसडीओ आनंद सिंह व सहसंयोजक व बिजली कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार गोस्वामी की अगुवाई में बृहस्पतिवार को बिजली कर्मचारी मालगोदाम रोड स्थित ऊर्जा भवन के परिसर में एकत्रित हुए। यहां सभी ने तीन दिसंबर को ऊर्जा मंत्री के साथ हुए लिखित समझौते को लागू कराने, ओबरा व अनपरा नई विद्युत उत्पादन इकाइयों को एनसीपीटी लिमिटेड को देने और पारेषण स्कंध के निजीकरण के विरोध में सुबह दस बजे से धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि ऊर्जा विभाग का शीर्ष प्रबंधन पूरी तरह से तानाशाही रवैया अपनाए हुए है। ऊर्जा मंत्री से बार-बार हो रही वार्ता भी बेनतीजा होती जा रही है। पदाधिकारियों ने कहा कि अब किसी भी कर्मचारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर एसडीओ विजय कुमार, इंजीनियर संजय कुमार, अनिल कुमार भारती, अश्वनी पांडेय, प्रतीक गुप्ता, अजय कुमार, जितेंद्र मौर्या, जयनंदन मिश्रा, अरविंद यादव, नावेद खान आदि मौजूद रहे।