घाघरा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 31 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचकर स्थिर हो गया है। लेकिन मंगलवार रात से अचानक कटान तेज हो गई। रात एक बजे से सुबह सात बजे तक नदी गोलागंज गांव के पास साढ़े तीन सौ मीटर कटान करते हुए आधे गांव का अस्तित्व खत्म कर दिया है।
16 मकान कटे हैं। वहीं नदी के दो तरफ से गांव में घुसने से 300 ग्रामीण फंसे हुए थे। उन्हें स्टीमर की सहायता से एसडीएम ने किसी तरह बाहर निकलवाया। हड़कंप की स्थिति है। कायमपुर में प्राथमिक विद्यालय और मस्जिद पर नदी तेज कटान कर रही है। दोनों का अस्तित्व खत्म होने की कगार पर है।
घाघरा नदी का कहर मंगलवार रात से तेज हो गया है। नदी का जलस्तर एल्गिन ब्रिज पर मंगलवार शाम को 106.386 मीटर पर पहुंचकर थम गया। लेकिन कटान में अचानक इजाफा हुआ है। इससे नदी ने महसी तहसील के गोलागंज टेपरी गांव में दो तरफ से कटान करते हुए गांव को निशाने पर ले लिया है।
इससे पूरी रात गांव के लोग दहशत में रहे। गांव निवासी प्रेमचंद, लक्ष्मीनरायन, लल्ली देवी, अर्जुन सिंह, दिनेश, रमेश, कमलेश, जयंकर, बाबू, संतोष, नरेश, रज्जू, प्रदीप, रामप्रसाद और कमला समेत 16 लोगों के मकान नदी में समाहित हो गए। इन सभी ने जैसे-तैसे रात के अंधेरे में आधी अधूरी गृहस्थी घर से निकाली।
डीएम अभय के निर्देश पर एसडीएम एसपी शुक्ला सुबह मोटर बोट से कटान प्रभावित गोलागंज पहुंचे। उन्होंने जोगापुरवा गांव से स्टीमर मंगवाकर किसी तरह 300 ग्रामीणों को सुरक्षित निकलवाकर तटबंध पर पहुंचवाया। पंडितपुरवा व कोरिनपुरवा गांव के ग्रामीणों को भी नाव मुहैया कराई गई है।
सभी को सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। यह गांव भी गोलागंज से सटा हुआ है। कायमपुर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय भवन पर रात से नदी थपेड़े ले रही है। जिसके कारण स्कूल भवन का एक हिस्सा नदी में समाहित हो गया है।
स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित मस्जिद पर भी नदी कटान कर रही है। इससे कायमपुर गांव के ग्रामीणों में दहशत है। उप जिलाधिकारी ने बताया कि कटान प्रभावित सभी ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए 11 नावें लगाई गई हैं। जो मकान कट रहे हैं, उनको मुआवजा दिया जाएगा।
कायमपुर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय भवन में कायमपुर के अलावा सुकईपुर और मंगरवल स्कूल भी संचालित होता था। कटान के कारण कायमपुर में पढ़ने वाले बच्चों को तटबंध के उस पार बरातीलाल के घर में क्लास लगाकर शिक्षा दी जा रही है।
बुधवार सुबह खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय ने कटान में समाहित हो रहे कायमपुर प्राथमिक विद्यालय का मुआयना करने के बाद तटबंध पार लग रहे विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां पर स्थान कम देखकर उन्होंने मंगरवल जूनियर हाईस्कूल बभनौटी शंकरपुर में विद्यालय संचालन के निर्देश दिए।
बाढ़ व कटान प्रभावित इलाकों में बुखार का कहर शुरू हो गया है। गोलागंज निवासी रामप्रसाद, कमलेश, रज्जू, ननकू, कृष्णावती, बड़का समेत 18 लोग बुखार से कराह रहे हैं। अभी तक इन सभी को इलाज मुहैया नहीं हो सका है। उप जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजने के निर्देश दिए हैं।