किसान पीजी कॉलेज में लॉ फैकल्टी के लिए भूमि पूजन करते आरएसएस के प्रांत प्रचारक।
बहराइच। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल ने रविवार को किसान पीजी कॉलेज परिसर में एलएलबी भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज वर्ष 1960 से जिले में शिक्षा की अलख जगा रहा है। ऐसे में सक्षम लोगों को संस्था के विकास में सहयोग करना चाहिए।
कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि डी-फार्मा की कक्षाएं शुरू होने के बाद प्रांत प्रचारक ने विधि संकाय संचालित करने की आवश्यकता जताई थी। उनकी भावना का सम्मान करते हुए एलएलबी भवन निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। प्रयास है कि अगले सत्र से कॉलेज में विधि की कक्षाएं शुरू हो जाएं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओएसडी एनकेएस चौहान, प्रबंध समिति अध्यक्ष संजीव सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. आरएस राठौर, प्राचार्य प्रो. विनय सक्सेना, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय समेत कॉलेज के शिक्षक, शिक्षिकाएं और कर्मचारी मौजूद रहे।