बहराइच। बाराबंकी जिला निवासी व्यक्ति ने ढाबा संचालक पर लाखों रुपये लेने और इसके बाद लौटाने से मना करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जरवलरोड पुलिस ने आरोपी पर विश्वासघात का मामला दर्ज कर लिया है।
बाराबंकी जिले के मसौली अंबरपुर नहामऊ निवासी प्रद्युम्न यादव उर्फ समर सिंह ने जरवलरोड पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रामनगर के गनेशपुर बहरामघाट निवासी अब्दुल्ला ने जरवलरोड के घाघराघाट में ढाबा चलाने के लिए उनसे कई बार में कुल पांच लाख 89 हजार रुपये उधार ले लिए। इसका उल्लेख अब्दुल्ला द्वारा थाना जरवलरोड में दिए गए शपथपत्र में किया गया है। अब्दुल्ला ने पांच महीने में रकम लौटाने का वादा किया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी रुपये नहीं लौटाए। आरोप है कि रुपये मांगने पर अब्दुल्ला जान से मारने की धमकी देता है। जानकारी करने पर आरोपी द्वारा पहले भी कई लोगों से जालसाजी कर रुपये हड़पे जाने का पता चला है। जरवलरोड थानाध्यक्ष ब्रजराज प्रसाद ने बताया कि आरोपी पर केस दर्ज मामले की विवेचना की जा रही है।