बौंडी में आयोजित संस्कृत प्रशिक्षण को सबोधित करते भाजपा जिलाध्यक्ष।
- फोटो : BAHRAICH
बौंडी (बहराइच)। कस्बे में स्थित श्री जगज्जितेश्वर संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में त्रैमासिक पौरोहित्य प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कृत भाषा के संरक्षण पर सरकार पूरा ध्यान दे रही है।
महसी तहसील के बौंडी में स्थित श्री जगज्जितेश्वर संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रशिक्षण का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल व विशिष्ट अतिथि श्रीनाथ शुक्ला ने मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। देवीपाटन मंडल संयोजक डॉ. देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने शिविर में मौजूद शिक्षकों, अभिभावकों व छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ की ओर से संस्कृत भाषा को संरक्षित किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए श्री जगज्जितेश्वर संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में त्रैमासिक पौरोहित्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। संस्कृत के संरक्षण व संवर्द्धन पर सरकार का पूरा जोर है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि संस्कृत अति प्राचीन व देवभाषा है। आधुनिकता के चकाचौंध में इस भाषा का लगातार ह्रास होता जा रहा है। अब इस जिम्मेदारी को कर्तव्य परायणता के साथ निभाने की जरूरत शिक्षकों की है।
भाजपा नेता श्रीनाथ शुक्ला ने कहा कि संस्कृत देव वाणी कही गई है। हमारे सभी 16 संस्कार संस्कृत भाषा में ही हैं। हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखने के लिए संस्कृत का ज्ञान लेना होगा। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक व वरिष्ठ अधिवक्ता विजय कालिया, संस्थान के जिला संयोजक जयशंकर त्रिपाठी, केंद्र व्यवस्थापक डॉ. सुनील त्रिपाठी, पौरोहित्य प्रशिक्षक अंबरीश कुमार त्रिवेदी, होम्योपैथिक चिकित्सा प्रभारी डॉ. राकेश कुमार वर्मा, रामसागर पांडेय, सुरेश कुमार तिवारी, रोहित कालिया, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, वरिष्ठ शिक्षक रामशंकर जायसवाल आदि मौजूद रहे।