बहराइच। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रुकइया बानो ने बुधवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महकमे द्वारा उपलब्ध कराई जा रहीं चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
मरीजों से भी उनकी सेहत के बारे में पूछा। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज मुहैय्या कराने का निर्देश दिया।
महिला आयोग की सदस्य रुकइया बानो बुधवार सुबह जिला अस्पताल पहुंची। यहां उन्होंने ऑपरेशन थिएटर, सर्जिकल वार्ड, अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे कक्ष तथा जनरल वार्डों का भ्रमण कर मरीजों और उनके साथ मौजूद तीमारदारों से उपलब्ध करायी जा रहीं चिकित्सकीय सेवाओं के बावत जानकारी प्राप्त की।
इस मौके पर उन्होंने जिला पुरुष अस्पताल के सीएमएस डॉ. माहेश्वरी पांडेय व महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. मधु गैरोला को मरीजों के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाएं बेहतर तरीके से दिलाने का निर्देश दिया। कहा कि मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखी जाएं।
यदि शिकायत मिलेगी तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय वर्मा, महिला थाना अध्यक्ष सरोज शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार यादव समेत अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
महिला उत्पीड़न के मामलों की सुनवाई
जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद राज्य महिला आयोग की सदस्य रुकइया बानो लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पहुंची। यहां उन्होंने महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की सुनवाई की।
इस दौरान उन्होंने नानपारा, कैसरगंज, रुपईडीहा, महसी व पयागपुर से आए करीब 20 प्रकरणों की सुनवाई की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी थानों पर महिलाओं की सुनवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए ताकि उन्हें त्वरित गति से न्याय मिल सके।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी महसी अजय कुमार शर्मा, महिला थाना अध्यक्ष सरोज सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।