बहराइच। मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को किसान पीजी कॉलेज की बहादुर छात्राओं को सम्मानित किया गया। हिफ्जा जफर ने उचक्के से मुकाबला कर पर्स बचाया, हीरामनी ने शोहदों को सबक सिखाया, विनीता ने आग से लोगों का बचाव किया और आद्या त्रिपाठी ने साहस का परिचय देते हुए बख्शीपुरा मोहल्ले में चोर को पकड़वाया।
चित्तौरा झील के तट पर बने महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी रहीं। उन्होंने कहा कि इन छात्राओं से उन छात्राओं को प्रेरणा लेना चाहिए जो विपरीत परिस्थिति आने पर घबराकर रोने लगती हैं।
डीएम अक्षय त्रिपाठी ने बहादुर छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपके द्वारा किया गया यह साहसिक कार्य अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणादायी है। आपके साहस का सम्मान हम सबका दायित्व है।इस अवसर पर सीओ सिटी पहुप सिंह, किसान पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनय सक्सेना, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीडी सिंह विशेन तथा भाजपा की जिला मंत्री डॉ. डिंपल जैन उपस्थित रहीं।