शिवपुर। खैरीघाट के बेहड़ा गांव में बृहस्पतिवार सुबह नल से पानी भरते समय बगल में मौजूद कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर नौ साल की बालिका की मौत हो गई। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव निवासी मोहिनी (9) बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे अपनी मां सुमन देवी के साथ कमरे में सो रही थी। जागने के बाद उसने मां से शौच जाने की बात कही और कमरे से बाहर निकल गई। इसके बाद वह आंगन में लगे नल से पानी भरने लगी। इसी दौरान कच्ची दीवार भरभराकर मोहिनी के ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर उसकी मां सुमन देवी मौके पर पहुंचीं और बेटी को बचाने के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर मोहिनी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक पदीप कुमार सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कच्ची दीवार जर्जर हो चुकी थी। मोहनी के पिता की काफी समय पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। वह अपनी मां के साथ रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार परिवार काफी तंगहाली में गुजर बसर कर रहा है।