बहराइच। मेडिकल कॉलेज के चिल्ड्रेन वार्ड में बुधवार को बुखार से ग्रसित एक बालिका की मौत हो गई। जबकि विभिन्न बीमारियों से ग्रसित 25 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
तराई में भीषण ठंड और धूप के बीच मासूम रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन 250 से 300 रोगियों की ओपीडी हो रही है। बौंडी थाना क्षेत्र के जैता बाजार निवासी महक (10) पुत्री पवन कुमार को तेज बुखार पर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान बुधवार को महक की मौत हो गई। परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए।
उधर बुखार, निमोनिया और डायरिया से पीड़ित 25 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. केके वर्मा ने बताया कि बालिका को गंभीर हालत में सीएचसी से मेडिकल कॉलेज लाया गया था।