बहराइच। बौंडी के नंदवल गांव में ससुरालीजनों ने दहेज में बाइक व नकदी न मिलने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दिए बिना उसका अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे पिता ने थाने में तहरीर दी मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन करने के बजाय उसे भगा दिया। इस पर पीड़ित ने एसपी को प्रार्थनापत्र दिया। एसपी ने सीओ को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बौंडी थाना अंतर्गत नंदवल गांव निवासी पूजा (22) का विवाह एक वर्ष पूर्व गांव निवासी राकेश कुमार के साथ हुआ था। पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को दिए प्रार्थनापत्र में मृतका पूजा के पिता नंदवल निवासी तेजराम का कहना है कि विवाह के बाद से ही बेटी की ससुराल के लोग दहेज में बाइक व 51 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
तीन दिन पहले बेटी ने फोन कर मामले की जानकारी दी थी। काफी समझाने के बाद भी बेटी के ससुरालीजन नहीं माने। तेजराम का कहना है कि मंगलवार रात ससुराल वालों ने दहेज के लिए पूजा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फांसी के फंदे पर लटका दिया। पूजा की मौत की सूचना ससुराल वालों ने मायके में नहीं दी और आनन-फानन में दाह संस्कार कर दिया।
पड़ोसियों की सूचना पर तेजराम बेटी की ससुराल पहुंचा। घटना के बारे में जानकारी लेने के बाद बौंडी थाने में तहरीर दी। तेजराम का आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उसे भगा दिया। इस पर उसने एसपी को प्रार्थनापत्र दिया। एसपी ने सीओ महसी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।