मिहींपुरवा में स्थित चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज।
बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में पर्यटकों से गुलजार रहने वाला घाघरा बैराज बहुत जल्द सोलर लाइट की दूधिया रोशनी से जगमग होगा। शासन की ओर से बैराज पर 14 सोलर लाइटें लगवाने की अनुमति दी गई है। बैराज प्रशासन ने सोलर लाइट लगवाने की कवायद शुरू कर दी है।
बहराइच-लखीमपुर खीरी जिले की सीमा पर स्थित चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज पर न तो बिजली और न ही जनरेटर की सुविधा उपलब्ध है। इसके चलते रात होते ही घाघरा बैराज घुप्प अंधेरे में डूब जाता है। इससे यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को परेशानी होती है और वे बैराज की खूबसूरती का दीदार नहीं कर पाते हैं। साथ ही वहां से गुजरने वाले राहगीरों को हादसे का खतरा भी बना रहता है। इसे देखते हुए स्थानीय राहगीर लगातार बैराज पर विद्युतीकरण की मांग कर रहे थे।
शासन ने घाघरा बैराज पर 14 सोलर लाइटें लगाए जाने की स्वीकृति दी है। बैराज प्रभारी नितिन कुमार यादव ने बताया कि सिंचाई खंड शारदा नगर द्वारा बैराज पर 1,11,344 रुपये की लागत से 14 सोलर हाईमास्ट लाइटें लगवाई जाएंगी। इस पर काम शुरू कर दिया गया है।