फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: जीएस आसान, रीजनिंग व गणित के प्रश्नों ने उलझाया

विज्ञापन
महाराज सिंह इंटर कॉलेज से पुलिस भर्ती परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। - फोटो : महाराज सिंह इंटर कॉलेज से पुलिस भर्ती परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी।
विज्ञापन
बहराइच। पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने परीक्षा भवन से बाहर निकलने के बाद प्रश्नपत्र को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। अधिकांश अभ्यर्थियों का कहना था कि गणित और रीजनिंग के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन और उलझाने वाले थे, जबकि सामान्य अध्ययन (जीएस) के प्रश्न आसान रहे।
विज्ञापन


सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल मुख्य द्वार पर तैनात रहे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी खुले में जबकि महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग कैनोपी की व्यवस्था की गई थी। धातु खोजी यंत्र और बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। कक्ष निरीक्षकों ने प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र का मिलान कर अभ्यर्थियों को उनकी निर्धारित सीटों पर बैठाया।

शाम की पाली में परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर पिछली परीक्षाओं की तुलना में कुछ अधिक था। बस्ती निवासी कृष्णा जायसवाल ने कहा कि गणित के कई प्रश्नों में अधिक समय लगा, जबकि करेंट अफेयर्स के कुछ सवाल भी सोचने पर मजबूर करने वाले थे। गोंडा की लक्ष्मी ने बताया कि बहुविकल्पीय प्रश्नों में कई विकल्प एक जैसे लग रहे थे, जिससे भ्रम की स्थिति बनी। बस्ती की मनीषा चौहान ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए अब नियमित और गंभीर तैयारी की जरूरत है। वहीं मनकापुर की मुस्कान गुप्ता ने कहा कि प्रश्नों का स्तर ऐसा था कि उत्तर देने से पहले पर्याप्त समय लेकर समझना पड़ रहा था।
विज्ञापन

अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या में आई कमी

परीक्षा के दूसरे दिन अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या में पहले दिन की तुलना में कमी दर्ज की गई। प्रथम पाली में 969 तथा द्वितीय पाली में 938 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 1907 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए, जबकि पहले दिन यह संख्या 2006 थी। इससे परीक्षा में उपस्थिति प्रतिशत में सुधार देखने को मिला।
डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण

परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव लगातार भ्रमणशील रहे। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी मॉनिटरिंग कक्ष में पहुंचकर परीक्षा कक्षों की गतिविधियों पर भी नजर रखी। इसके अलावा जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहे। भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी कराई गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें