युवक की माौत के बाद बिलखते परिवारीजन
- फोटो : अमर उजाला
नेवलापुर कोठार गांव निवासी एक युवक सोमवार को सुबह खेत में गेहूं की फसल की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान जब वह पंपिंग सेट के निकट टंकी खोलकर डीजल की स्थिति जानने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका गमछा पंपिंग सेट में लिपट गया और मौके पर ही युवक की मौत हो गई। पंचनामा कर परिवारीजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है।
विशेश्वरगंज थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवलापुर के कोठार गांव निवासी राजेश कुमार (26) पुत्र रामप्रसाद सुबह गांव से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित गेहूं के खेत की सिंचाई पंपिंग सेट चलाकर कर रहा था।
करीब 10 बजे उसने चल रही पंपिंग सेट के पास पहुंचकर टंकी में डीजल की स्थिति जानने के लिए जैसे ही सिर झुकाया, वैसे ही उसका गमछा पंपिंग सेट के चक्के में फंस गया। और राजेश की मौत हो गई। सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। ग्राम प्रधान विजय कुमार सिंह ने पंचनामा करवाकर शव का अंतिम संस्कार करवा दिया है।