मोतीपुर (बहराइच)। करमोहना गांव में खड़ंजा का निर्माण जिला पंचायत निधि से कराया जा रहा है। कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क निर्माण में पीली ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने बीडीओ व सीडीओ को पत्र भेजकर मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं जेई ने ठेकेदार से निर्माण कार्य रोकने को कहा है।
मिहींपुरवा विकास खंड अंतर्गत करमोहना गांव में जिला पंचायत निधि से खड़ंजा का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें पीली ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी वशिष्ठ के घर से नेवल के मकान तक और सुबोध के घर से मुन्ना के घर तक खड़ंजा लगाया जा रहा है। मानक विहीन निर्माण होने से सड़क जल्द उखड़ जाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम प्रधान सिराजुल हक और सचिव मनीष कुमार से कई बार शिकायत की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। ऐसे में ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजकर खड़ंजा निर्माण की जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर सभी ने ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस मामले में जिला पंचायत के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है। ठेकेदार को काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।