बहराइच। शहर के ब्राह्मणीपुरा निवासी दो भाई बुधवार को आपस में लड़ रहे थे। उसी दौरान बीचबचाव कराने आई बड़े भाई की पत्नी को उसके पति ने पीट दिया। इससे नाराज पत्नी ने घर का दरवाजा बंदकर फांसी लगा ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी नगर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई, जहां पता चला कि मोनिका निवासी दरियाबाद बाराबंकी का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व शहर के सावन गुप्ता के साथ हुआ था। बुधवार को सावन गुप्ता व उसके छोटे भाई संदीप गुप्ता में किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। झगड़े को खत्म कराने के लिए मोनिका बीच में आ गई। इससे नाराज पति ने मोनिका पर हाथ उठा दिया।
इससे आहत मोनिका ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। परिजनों ने सूचना दे दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।