पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने बुधवार को डीआरएम आलोक सिंह के साथ गोंडा-बहराइच के बीच चल रहे ब्राॅडगेज लाइन के काम का जायजा लिया। जीएम ने नए साल में काम पूरा करने के साथ ही बहराइच से नेपालगंज तक दो चरणों में ब्राॅडगेज लाइन बिछाने की बात कही।
मैलानी के काम को वर्ष 2018 में शुरू करने पर भी सहमति व्यक्त की। जीएम को व्यापारियों और समाजसेवियों ने स्थानीय समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक राजीव मिश्र गोंडा से विशेष ट्रेन से डीआरएम लखनऊ मंडल आलोक सिंह व अन्य रेल अधिकारियों के साथ बुधवार को विशेश्वरगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे।
यहां पर ब्राॅडगेज के काम का निरीक्षण किया। इसके बाद जीएम ने सड़क मार्ग से होकर पयागपुर और चिलवरिया रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया। निरीक्षण के बाद रेलवे जीएम ने बहराइच रेलवे स्टेशन पहुंचकर ब्राडगेज के तहत हो रहे उच्चीकरण के काम को देखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
रेलवे जीएम ने बताया कि बहराइच से नेेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन को मीटरगेज से ब्राॅडगेज में बदलने का प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है। गोंडा से बहराइच के बीच छह माह के अंदर काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पहले चरण में बहराइच से नानपारा तक ब्राॅडगेज लाइन बिछाने का काम होगा।
जबकि दूसरे चरण में नानपारा से नेपालगंज रोड तक की मीटरगेज लाइन को ब्राॅडगेज में बदला जाएगा। निरीक्षण के दौरान समाजसेवी निशा शर्मा समेत अन्य लोगों ने जीएम को समस्याओं से संबंधित पत्र सौंपा। रेल परिसर में आवंटित दुकान को लेकर महिला रानी देवी ने भी जीएम से शिकायत की।