बहराइच। शहर के ढपाली पुरवा निवासी एक व्यक्ति ने दो लोगों पर प्लाॅट के नाम पर ढाई लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ढपालीपुरवा निवासी अजीत कुमार सिंह का आरोप है कि सरस्वती नगर निवासी नंद लाल शर्मा और संजय सिंह भूटानी ने 11 जनवरी को उनसे संपर्क किया था। दोनों ने सिसई हैदर में साढ़े तीन लाख रुपये बिसवा में प्लाॅट होने की बात की और प्लाॅट दिखाकर छह बिसवा जमीन का सौदा तय करवाया। इसपर उन लोगों ने जमीन नेपाल निवासी देवी प्रसाद मदेशिया के होने की बात बताई। जो नेपाल में ही रहता है।
आरोप है कि पीड़ित से किस्तों में कुल ढाई लाख रुपये ले लिया। जब उन्होंने ऑनलाइन बैनामा निकलवाया तो उसमें देवी प्रसाद का नंबर था। जब उन्होंने उक्त नंबर पर कॉल कर बात की तो जमीन मालिक ने जमीन न बेचने और आरोपियों को भी पहचानने से इन्कार कर दिया। आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उनसे रुपये ठग लिए। देहात कोतवाल संतोष सिंह ने बताया केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।