नया लोधनपुरवा गांव के पास मारा गया भेड़िया। - स्रोत : वन विभाग
बहराइच/बौंडी। कैसरगंज इलाके में ग्रामीणों पर हमला कर दहशत फैलाने वाले चौथे भेड़िये को भी वन विभाग ने शनिवार को मार गिराया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान शूटरों ने गन्ने के खेत में भेड़िये को घेरकर गोली मार दी। इससे पहले विभाग के शूटर तीन भेड़ियों को ढेर कर चुके हैं।
कैसरगंज वन क्षेत्र के गोड़हिया नंबर तीन, नया लोधनपुरवा गांव में भेड़िये ने तीन साल की बच्ची जान्हवी पर हमला किया था। भेड़िया बच्ची को जबड़े में दबोचकर भाग गया था। तीसरे दिन भी बच्ची का पता नहीं चल सका। बच्ची की तलाश में शुक्रवार को वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
डीएफओ राम सिंह यादव ने बताया कि शनिवार सुबह गश्ती टीम को भेड़िया दिखाई दिया, लेकिन वह चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद गन्ने के खेत की घेराबंदी कर खोज शुरू की गई। टीम के शूटरों ने पीछा करते हुए दोपहर बाद उसे मार गिराया। भेड़िये का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
डीएफओ ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक कुल चार हमलावर भेड़ियों को मार गिराया जा चुका है।
ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए डीएफओ ने कहा कि जब तक ऑपरेशन जारी है, जंगल किनारे वाले इलाकों में लोग अकेले न निकलें और बच्चों पर विशेष ध्यान रखें।