बौंडी। विकास खंड महसी की ग्राम सभा महसी में पिछले पांच साल से चार मुख्य आरसीसी रोड व नाली निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है। डामर रोड के किनारे बनी नाली जाम है, गांव के अंदर नालियां नहीं बनीं, मुख्य मार्ग पर जाने वाला रास्ता टूटा है। जलभराव से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है।
गांव निवासी कुलभूषण मिश्रा ने 3 सितंबर को डीएम को प्रार्थना पत्र देकर चार सड़कों के निर्माण का आदेश देने की मांग की है। सुनील कुमार मिश्रा के घर से नहर तक 250 मीटर आरसीसी रोड, मनोहर तंबोली की दुकान से दुर्गा प्रसाद शुक्ल के घर तक आरसीसी रोड व नाली, सरगम मिश्रा मेडिकल स्टोर से मुन्ना तिवारी के घर तक आरसीसी रोड व नाली, छोटकना गुप्ता के घर से बीज भंडार तक आरसीसी रोड व नाली निर्माण की मांग की है।
चारों सड़कें गांव के मुख्य मार्ग से जुड़ती हैं। पीड़ित ने बताया कि 15 अप्रैल को बीडीओ महसी को पत्र दिया, ग्राम सभा तक मंत्री शत्रोहन लाल ने निरीक्षण कर आश्वासन भी दिया। 16 जुलाई को डीएम ने बीडीओ महसी को कार्रवाई का आदेश दिया, लेकिन डेढ़ माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। बरसात में दिक्कत बढ़ गई है। सीडीओ ने तीन सितंबर को पत्र बीडीओ महसी को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया है।