सड़क हादसे में रविवार देर रात दो फेरी व्यवसायियों की मौत हो गई। दोनों व्यवसायी क्षेत्र में व्यवसाय के बाद बाइक से लखीमपुर अपने घर लौट रहे थे। उधर, कैसरगंज और नानपारा क्षेत्र में वाहनों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो वाहन चालकों की जान चली गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लखीमपुर खीरी जिले के कस्ता मितौली निवासी मोहम्मद अरमान (20) पुत्र रईस अहमद व नीमगांव निवासी अनवर अली (25) पुत्र सुलेमान फेरी लगाकर कांच की वस्तुओं का व्यवसाय करते थे। रविवार को दोनों व्यवसायी बाइक पर सामान लादकर महसी तहसील क्षेत्र में फेरी लगाकर सामान बेचने आए थे। दिन में सामान की बिक्री करने के बाद दोनों व्यवसायी रात करीब नौ बजे बाइक से वापस लखीमपुर के लिए रवाना हुए।
बाइक सवार व्यवसायी जब कोतवाली देहात अंतर्गत सीतापुर-बहराइच मार्ग पर बेड़नापुर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवारों को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक अंधेरे का लाभ उठाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंचे कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक एके सिंह नेे शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों व्यवसायियों के परिवारीजनों को भी सूचना दी गई है।
उधर, लखनऊ-बहराइच मार्ग पर कैसरगंज थाना अंतर्गत चंदरखा गांव के निकट परवल लादकर मंडी जा रही पिकअप और मैजिक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक मंझारा तौकली बलराजपुरवा निवासी किशुन कुमार (22) पुत्र भृगुनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज शुरू होते ही किशुन ने दम तोड़ दिया। वहीं, मैजिक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, लखनऊ से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र के अखबार का बंडल लेकर नानपारा की ओर जा रही मैक्स की सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप में नानपारा-रिसिया मार्ग पर टक्कर हो गई। हादसा भोपतपुर गांव के निकट हुआ। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक पिकअप चालक वाहन लेकर भाग निकला।
वहीं, अखबार का बंडल लदा वाहन खड्ड में पलट गया। हादसे मेें वाहन चालक फखरपुर माधवपुर निवासी ललित कुमार उर्फ दीपू (28) पुत्र जानकीशरण शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चपेट में आकर भवनियापुर निवासी एक युवक घायल हो गया। इस मामले में वाहन मालिक छावनी बाजार निवासी अर्पित श्रीवास्तव ने कोतवाली नानपारा में केस दर्ज कराया है।