जरवलरोड। पुलिस ने सोमवार को बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच बाइक, खुले इंजन और अन्य उपकरण बरामद किए। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि फैयाज निवासी कटरा दक्षिणी, शफीक निवासी मोहल्ला तकिया (जरवल कस्बा), अलीमुद्दीन निवासी ग्राम मीरपुर थाना कैसरगंज तथा आजाद निवासी ग्राम परसोहर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की बाइकों पर गलत नंबर प्लेट लगाकर उन्हें बेचने का काम करते थे। गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और आसपास के क्षेत्रों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। बरामद बाइकों के साथ खुले इंजन और अन्य पुर्जों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी चोरी की गाड़ियों को काटकर अलग-अलग हिस्सों में भी बेचते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।