बहराइच। जिले में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक के बाद एक हुए हादसों में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इन हादसों में महिलाएं और बच्चे सहित नौ लोग घायल हुए हैं। एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर लोगों ने गहरी नाराजगी जाहिर की है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
चित्तौरा प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र के मोगलहा गांव के पास महसी-बहराइच रोड पर मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टैंपो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टैंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में विशुनपुरराहू दरगाह निवासी पूनम देवी (25), सास कैलाशी (50), जेठानी सरोज देवी (30), हिमांशु (03) और साक्षी (04) घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से बहराइच मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां तीन को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
मिहींपुरवा प्रतिनिधि ने बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र के सेमरहना गांव के निकट मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार खटपुरवा निवासी संजय कुमार शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रामेश्वरी और कार में सवार उर्मिला पांडे गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची, इसके चलते घायल सड़क पर तड़पते रहे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कराया। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला।
बौंडी प्रतिनिधि के अनुसार टिकोरा हेमरिया निवासी शिवम (16) गोलवा घाट से सब्जी लेकर घर लौट रहा था, तभी बहराइच-लखनऊ मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस ने ग्राम प्रधान की मौजूदगी में शव को कब्जे में ले लिया है।
खाद भरते समय ट्रैक्टर के नीचे दबने से बच्ची की मौत
शिवपुर। थाना खैरीघाट क्षेत्र के बढ़ईनपुरवा गांव में खाद भर रही ट्राली के पास श्रीदेवी (11) अपने छोटे भाई को गोद में लिए खड़ी थी। अचानक संतुलन बिगड़ने पर दोनों बच्चे ट्राली के नीचे आ गए। श्रीदेवी की मौके पर मौत हो गई, जबकि छोटे भाई को गंभीर चोटें आई हैं। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने परिजनों के आपसी समझौते के चलते शव सौंप दिया। मृतका के परिजनों को 50 हजार की आर्थिक मदद और घायल बच्चे के इलाज का आश्वासन ग्रामीणों की मौजूदगी में दिया गया।