कुड़वा गांव में मंगलवार देर शाम अज्ञात कारणों से चार ग्रामीणों के मकान में आग लग गई। आसपास के ग्रामीण जब तक आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक चारों मकान जल गए। आग से घरों में रखा सारा सामान जल गया। हादसे में छह लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। परिवार खुले आसमान तले रहने को मजबूर हो गए हैं। सूचना तहसील को दी गई है, लेकिन कोई भी राजस्वकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
मोतीपुर तहसील अंतर्गत कुड़वा गांव निवासी इंद्रबली के घर में मंगलवार को शाम परिवार के लोग आंगन में मौजूद थे। पारिवारिक मामलों पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान अचानक मकान का छप्पर धधक उठा। परिवार के लोगों ने पहले तो आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब आग की लपटों से घिरने लगे तो सभी ने भागकर जान बचाई।
चीख पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े, लेकिन जब तक आग बुझाने का इंतजाम किया जाता, तब तक आग की लपटाें ने श्यामकरन, महाबली और मुन्ने के मकान को भी आगोश में ले लिया। चाराें परिवार के लोग घर में रखा कोई सामान बाहर नहीं निकाल सके।
गांव के लोगों ने किसी तरह डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। आग से अनाज, कपड़ा, बर्तन, जेवर समेत सब कुछ राख के ढेर में तब्दील हो गया। चार परिवारों के 20 सदस्य खुले आसमान तले गुजर-बसर करने को मजबूर हो गए हैं। अग्निकांड की सूचना तहसील को दी गई है। लेकिन अब तक कोई भी राजस्वकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है।