राजीचौराहा (बहराइच)। राजीचौराहे पर दो दिन पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने दबिश देकर मुकदमे के नामजद मुख्य आरोपी समेत चार लोगोें को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से धारदार हथियार भी बरामद हुए हैं। चारों लोगों को जेल भेज दिया गया है।
खैरीघाट थाना अंतर्गत बांसगढ़ी गांव निवासी चाचा मनोज वर्मा और भतीजा पंचू वर्मा की मंगलवार दोपहर राजीचौराहा बाजार आए थे। यहां बाइक से पहुंचे हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें पंचू वर्मा की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि मनोज वर्मा ने केजीएमयू लखनऊ में दम तोड़ दिया था। पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी।
हरदी के प्रभारी निरीक्षक शिवानंद प्रसाद की अगुवाई में पुलिस टीम ने बुधवार की रात खैरीघाट थाना क्षेत्र के थैलिया प्राथमिक विद्यालय के पास दबिश दी। इस दौरान भवानीपुर टेपरा गांव निवासी बनवारी मिश्रा पुत्र खेलावन और पुरुषोत्तम पुत्र बिंदेश्वरी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को पुलिस ने दबिश देते हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रवीन कुमार और उसके साथी उत्तम को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।