पयागपुर पुलिस द्वारा पकड़े गए लूट के आरोपी।
पयागपुर। शिवदहा निवासी बीसी संचालक अयोध्या प्रसाद शुक्ला से मंगलवार को हुई लूट का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा किया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी, असलहा, पीओएस मशीन, दो बाइकें और कुछ प्रपत्र बरामद किए। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
अयोध्या प्रसाद शुक्ला इंडियन बैंक की खजुरी शाखा से 1,00,200 रुपये निकालकर अपने बीसी केंद्र जा रहे थे। ग्राम पंचायत पैड़ी और सेवढ़ा के बीच खड़ंजा मार्ग पर बदमाशों ने उन्हें बाइक से गिरा दिया। असलहे की नोक पर रुपयों से भरा बैग छीनकर वे भाग गए थे। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। संयुक्त टीम ने सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खजुरी गांव की ओर से आ रहे दो बाइकों पर सवार चार आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सहबान निवासी शिवदहा, सूर्यकुमार सिंह, जयसिंह और वीरेंद्र प्रताप सिंह निवासी लखाहीपुतलीतारा, थाना पयागपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,10,400 रुपये नकद, एक पीओएस मशीन, दो बाइकें, एक 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लूटी गई रकम 1,00,200 रुपये थी, जबकि बरामद राशि 2,10,400 रुपये है। पुलिस अतिरिक्त धनराशि के स्रोत और किसी अन्य घटना से संबंध के बारे में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।