रिसिया। ग्राम कमला जोत में सोमवार रात वैवाहिक समारोह में गोला दागने को लेकर हुए विवाद के बाद विपक्षियों ने पूर्व प्रधान को पीटकर मार डाला। पुलिस ने पूर्व प्रधान के पुत्र की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव निवासी पूर्व प्रधान मगन बिहारी (65) रात में पट्टीदारी में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। द्वारपूजा के दौरान गांव के कुछ युवक सईद अहमद के बरामदे में आतिशबाजी कर रहे थे। सईद के विरोध करने पर सभी विवाद करने लगे।
मौके पर पहुंचे पूर्व प्रधान मगन बिहारी ने भी बरामदे में आतिशबाजी न जलाने की बात कहकर युवकों को डांटा। उनकी युवकों से झड़प भी हुई। मामला बढ़ता देख पूर्व प्रधान के पुत्र रवि ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस के पहुंचने पर आतिशबाजी कर रहे युवक भाग खड़े हुए। पुलिस कर्मी भी लोगों को समझाकर चले गए।
पूर्व प्रधान के पुत्र रवि ने बताया कि देर रात पिता जब समारोह से लौट रहे थे, तभी गांव निवासी हर्षित, आदित्य और विजय ने हमला कर उन्हें पीटकर मरणासन्न कर दिया। बेहोशी की हालत में परिजन मगन बिहारी को रात में ही रिसिया सीएचसी ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिसिया थानाध्यक्ष करुणाकर पांडे ने बताया कि मृतक के पुत्र रवि प्रकाश वर्मा की तहरीर पर नामजद आदित्य, हर्षित और विजय के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रधानी के चुनाव की भी चल रही थी रंजिश
पुलिस को जांच में पता चला है कि गांव के कुछ लोग प्रधानी के चुनाव को लेकर भी मगन बिहारी से रंजिश रखते थे। वह पूर्व प्रधान के साथ पूर्व में सहकारी समिति के अध्यक्ष भी थे।
परिवार में पसरा मातम
पूर्व प्रधान बिहारी लाल वर्मा के तीन पुत्र व छह पुत्रियां हैंष तीन पुत्रियों और दो पुत्रों की शादी हो चुकी है। मगन बिहारी वर्मा की पत्नी रमा देवी घटना के बाद से अर्द्धबेहोशी की हालत में हैं।