मोतीपुर रेंज के मोतीपुर गांव में वनकर्मियों द्वारा पकड़ा गया मगरमच्छ।
- फोटो : BAHRAICH
मिहींपुरवा (बहराइच)। मोतीपुर रेंज के मोतीपुर गांव में मगरमच्छ एक सप्ताह से बकरी, बतख और मुर्गियों को निवाला बना रहा था। सोमवार को भी मगरमच्छ मुर्गियों को खा रहा था। इससे गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को काबू में किया। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत मोतीपुर गांव में तालाब से निकलकर एक मगरमच्छ लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ था। मगरमच्छ प्रतिदिन बतख, मुर्गी व बकरियों को खा जाता था। सोमवार को भी मगरमच्छ गांव में आ गया। सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई। वनकर्मी मौके पर पहुंचे और मगरमच्छ को रस्से में बांधकर उसे कब्जे में किया। वन क्षेत्राधिकारी आनंद आर्या ने बताया कि मगरमच्छ काफी दिनों से गांव में मुर्गी व बतख को निवाला बना रहा था। उसे नहर में छोड़ दिया गया है।