कैसरगंज रेंज के भेड़िया प्रभावित क्षेत्र में गश्त करते डीएफओ व अन्य।
- फोटो : कैसरगंज रेंज के भेड़िया प्रभावित क्षेत्र में गश्त करते डीएफओ व अन्य।
बौंडी। कैसरगंज रेंज के गोड़हिया नंबर दो, गोड़हिया नंबर तीन, जरूवा और आसपास के एक दर्जन गांवों में भेड़िया की दहशत लगातार बनी हुई है। इसके बीच वन विभाग ने प्रभावित इलाकों में अपनी गश्त बढ़ा दी है।
डीएफओ राम सिंह यादव ने बताया कि वन संरक्षक के निर्देश पर टीम लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रही है और जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। वन विभाग की टीम स्थानीय ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर रात्रिकालीन गश्त कर रही है। चिह्नित क्षेत्रों में लोगों से घरों के दरवाजे बंद रखने, बच्चों को सुरक्षित रखने और पटाखे छोड़ने जैसी सावधानियां बरतने के लिए लगातार आग्रह किया जा रहा है। डीएफओ ने बताया कि ड्रोन और ट्रैकिंग के जरिये भेड़ियों को पकड़ने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल, पिछले दो दिनों में भेड़िये का कोई हमला सामने नहीं आया है। वन विभाग का कहना है कि सर्च और रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा और ग्रामीणों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन टीम को सूचित करने के लिए कहा गया है। इससे प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास जारी है।