बहराइच। खैरीघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी मां के साथ सो रही पांच साल की मासूम को पड़ोस का एक युवक उठा ले गया। गांव के ही बाग में ले जाकर युवक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। दरिंदे के चंगुल से किसी तरह छूट कर घर पहुंची मासूम ने परिवारीजनों को पूरी आपबीती बताई।
उसे आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। पुलिस को परिवारीजनों ने घटना की सूचना दी। सूचना पाकर एएसपी ग्रामीण व थानाध्यक्ष घटना स्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र एक गांव में पांच वर्षीय बच्ची अपनी मां के साथ शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद सो रही थी। रात तीन बजे पड़ोसी युवक घर में घुस आया और चारपाई पर लेटी बच्ची को उठा ले गया। बाग में ले जाकर बच्ची के साथ युवक ने दुष्कर्म किया।
लहूलुहान हालत में मासूम किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची। उसने परिवार के लोगों को अपनी पीड़ा सुनाई। तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में उसे भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पाकर एसएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह व खैरीघाट थानाध्यक्ष पंकज सिंह मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल की जांच कर एएसपी ने एसपी को अवगत कराया। एसपी विपिन मिश्रा ने बताया कि बच्ची का मेडिकल कराने के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
बच्ची की हालत पूरी तरह ठीक है। परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। फोरेंसिक की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।