दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के बख्शीपुरा में स्थित सांसद की गैस एजेंसी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में गोंडा रोड स्थित भाजपा सांसद अक्षयवरलाल गोंड की गैस एजेंसी से शुक्रवार की रात चोरों ने 4.92 लाख रुपये व मोबाइल समेत अन्य सामान पार कर दिया। वारदात की सूचना मिलने पर एएसपी नगर ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की है। साथ ही पुलिस को वारदात का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। चोरी के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।
भाजपा सांसद अक्षयवरलाल गोंड का आवास दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के गोंडा रोड स्थित चुंगी नाका के पास है। सांसद के आवास के बाहर ही दुकानें बनी हुई हैं। इन्हीं दुकानों में भाजपा सांसद की अंशुमान गैस एजेंसी भी संचालित होती है।
गैस एजेंसी में करीब दो दिन का कैश रखा हुआ था। शनिवार को बैंकों के बंद होने के कारण कैश नहीं जमा हो सका। इसी बीच शुक्रवार की रात चोरों ने गैस एजेंसी के दफ्तर का ताला काट दिया और लॉकर तोड़कर उसमें रखे चार लाख 92 हजार रुपये, मोबाइल समेत अन्य सामान पार कर दिया। सांसद की गैस एजेंसी में चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर अजय प्रताप, सीओ टीएन दूबे, दरगाह थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। एएसपी ने बताया कि सांसद की गैस एजेंसी से चोरी के मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। फोरेंसिक की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। चौकीदार सत्यमोहन पाठक की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।