श्रावस्ती। आग लगने की बढ़ती घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ रही है। विभाग लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज कर कच्छप गति से काम कर रहा है। सिरसिया में करीब सात वर्ष पूर्व भूमि का चिह्नांकन किया गया था, लेकिन वहां पर अब तक अग्निशमन केंद्र की स्थापना नहीं हो सकी है। ऐसे में कहीं भी आग लगने पर जिला मुख्यालय से ही मदद भेजी जाती है।
सिरसिया क्षेत्र में चिल्हरिया मोड़ से सिरसिया बाजार जाने वाले मार्ग पर निरालानगर में लगभग सात वर्ष पूर्व अग्निशमन केंद्र बनाने के लिए विभाग की ओर से पांच एकड़ भूमि का चिह्नांकन कर अधिग्रहण किया गया था। इसके बाद विभाग ने भूमि पर अपना बोर्ड लगाकर जिम्मेदारियों की इतिश्री कर ली।
जिला मुख्यालय से सिरसिया क्षेत्र की दूरी लगभग 35 से 40 किलोमीटर है। ऐसे में क्षेत्र में कहीं आग लग जाने पर मदद के लिए पहुंचने में लगभग एक घंटे का समय लग जाता है। इतनी देर में तो लोगों का आशियाना व फसल सब कुछ जलकर राख हो चुका होता है।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि अधिग्रहीत की गई भूमि पर निर्माण के लिए विभाग की ओर से 10 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, लेकिन धन का आवंटन न होने से निर्माण कार्य शुरु नहीं हो सका है।
मिले बजट तो शुरु हो काम
भूमि का अधिग्रहण तो हो चुका है, लेकिन बजट न मिलने से निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। धन का आवंटन होने के बाद शासन के निर्देशानुसार निर्माण कार्य कराया जाएगा।
- संजय कुमार जायसवाल, अग्निशमन अधिकारी