शिवपुर सीएचसी में लगा एक्सपायर सीज फायर सिलेंडर।
शिवपुर (बहराइच)। सरकारी अस्पताल के एक्सपायर अग्निशमन यंत्र को चार साल हो गए, लेकिन उसे बदला नहीं गया है। अभी तक इन अग्निशमन यंत्रों पर जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ी है। यदि शार्ट-सर्किट हुआ तो पूरी सीएचसी आग का गोला बन सकती है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में हर रोज बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचते हैं। महिला मरीज भर्ती भी होती हैं, लेकिन सीएचसी में आग से बचाव के कोई इंतजाम नहीं हैं। यहां चार अग्निशमन यंत्र लगे हैं, जो सभी एक्सपायर हैं। सभी यंत्रों की ड्यू डेट 16 अक्टूबर 2020 है। सीएचसी गेट के पास, प्रसव कक्ष दवा स्टोर व ओपीडी में अग्निशमन यंत्र लगा तो है, लेकिन सभी 2020 में एक्सपायर हो गए थे, जिसे अभी तक रिफिलिंग नहीं कराया गया है। हाल ही में झांसी में हुई दर्दनाक घटना से भी सीएचसी के जिम्मेदारों ने सबक नहीं लिया है। यदि यहां शार्ट-सर्किट हुई, तो बड़ा नुकसान हो सकता है।
सीएचसी में अग्निशमन यंत्र लगे हैं। इनके एक्सपायर होने की जानकारी नहीं थी। अग्निशमन यंत्रों को तत्काल रिफिल कराया जा रहा है।
-डाॅ.नलिन राजा, सीएचसी अधीक्षक शिवपुर