बहराइच। कोतवाली नगर क्षेत्र के घंटाघर चौराहे के पास स्थित कपड़े की दुकान में रविवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे अफरातफरी मच गई। दुकान से लपटें उठती देख लोगों ने सूचना पुलिस व फायर टीम को दी। फायर विभाग के कर्मियों ने दो दमकल वाहनों से आग पर काबू पाया। आग से पास स्थित बिस्कुट की दुकान में भी नुकसान हुआ।
कोतवाली नगर के घंटाघर- काजीपुरा मार्ग पर शहर निवासी जुनैद की रेडीमेड कपड़े की दुकान है। रविवार को दीपावली पर वह दुकान बंद कर घर चला गया था। इसी दौरान देर रात लगभग एक बजे दुकान में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुंआ उठता देख इसकी सूचना दुकान स्वामी व पुलिस को दी।
सूचना पर कोतवाल ब्रह्मा गौड़ मौके पर पहुंचे और आग की सूचना फायर टीम को दी। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गेंदालाल दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।
आग से कपड़े की दुकान के बगल स्थित बिस्कुट की दुकान में भी नुकसान हुआ। शहर के बीच स्थित दुकान में आग लगने से अन्य दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गेंदालाल ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर टीम के साथ पहुंचे थे। संभवत: शाॅर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।