महसी (बहराइच)। बौंडी थाना क्षेत्र के खैराबाजार स्थित एक इलेक्ट्राॅनिक की दुकान में दीपावली के दिन रविवार को अचानक आग लग गई। जब तक आग बुझाई जाती दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। दुकान स्वामी शाॅर्ट सर्किट को आग का कारण बता रहे हैं।
बौंडी थाना क्षेत्र निवासी अखिलेश तिवारी खैराबाजार में आर्यावर्त बैंक के सामने इलेक्ट्राॅनिक की दुकान संचालित करते हैं। रविवार को दीपावली पर्व पर वह दुकान बंद कर मरी माता मंदिर पर दीपक जलाने गए थे। उनकी दुकान में आग लग गई। आग से दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित अखिलेश तिवारी ने बताया कि शाॅर्ट सर्किट से दुकान में आग लगी है। दुकान से धुंआ निकलता देख स्थानीय दुकानदारों ने आग की सूचना दी। उन्होंने बताया कि आग से लगभग तीन लाख का नुकसान हुआ है।