कैसरगंज थानाक्षेत्र में फूंस के मकान में लगी आग को बुझाते दमकलकमी।
बहराइच। कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के खर्चिनपुरवा गांव में शनिवार को तीन ग्रामीणों के फूस के घरों में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। तब तक घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
गोडहिया नंबर चार खर्चिनपुरवा निवासी ग्रामीण बाबूलाल, सहजराम और केशवराम के फूस के घरों में आग लग गई। आग की विकराल लपटें देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं सूचना पर दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत केे बाद आग पर काबू पाया। गृहस्वामियों के अनुसार आग से उनके घर में रखा अनाज, कपड़े समेत सारा सामान जल गया। वे सभी बदहवास नजर आए और प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।