तेजवापुर के तारापुर गांव में दुकान में लगी आग से जला सामान।
तेजवापुर (बहराइच)। ग्राम पंचायत अमवा तेतारपुर स्थित परचून की दुकान में शनिवार की रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान व उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। दुकान स्वामी ने एक लाख से अधिक के नुकसान की बात कही है।
पीड़ित मुजीम शाह ने बताया कि वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था। इस दौरान दुकान से आग की लपटें निकलती देख पड़ोसियोंं ने इसकी जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन जब तक आग बुझा पाते ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया। मुजीम ने बताया कि दुकान मेंं 26 हजार की नकदी, अनाज, मसाला, तेल, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक के सामान सहित एक लाख से अधिक का सामान जला है। प्रधान प्रतिनिधि धनीराम गुप्ता की सूचना पर पहुंचे लेखपाल मूलचंद पांडेय ने क्षति का आकलन किया और रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी है।