नवाबगंज। कस्बे के चौगड़वा मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक वाहन शोरूम में आग लग गई। इससे कई दोपहिया वाहन और ई रिक्शा जलकर नष्ट हो गए। वहीं, कई वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। आग की चपेट में आकर एसेसरीज और कल-पुर्जे भी जल गए। पीड़ित ने अग्निकांड में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
चौगड़वा मोड़ स्थित रामनरेश चौधरी के शोरूम में बैटरी से चलने वाले दोपहिया वाहन और ई-रिक्शा बेचे जाते हैं। सोमवार रात वह शोरूम बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने शोरूम से धुआं उठता देखा और उन्हें सूचना दी। मौके पर पहुंचकर शोरूम खोलने पर अंदर आग की लपटें उठती दिखीं। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक करीब 10 ई रिक्शा और 10 दोपहिया वाहन जल चुके थे। बैटरियां और मोटर पार्ट्स भी नष्ट हो गए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।