बहराइच में वन प्रभाग कार्यालय में लगी आग से जला सामान।
बहराइच। बहराइच वन प्रभाग के बहराइच रेंज कार्यालय में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। दो हाई फ्रीक्वेंसी एवं नाइट विजन ड्रोन, कंप्यूटर सिस्टम, पीवीसी पैनल, ट्रैकिंग डिवाइस, थर्मल सेंसर कैमरे, सीसीटीवी, फर्नीचर तथा महत्वपूर्ण अभिलेख जलकर राख हो गए। घटना में 20 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद साकिब ने बताया कि शनिवार को प्रतिदिन की तरह कार्यालय में कामकाज के बाद सभी विद्युत उपकरण बंद कर दिए गए थे। रविवार सुबह ड्यूटी पर तैनात चौकीदार ने कार्यालय से धुआं उठता देखकर कर्मचारियों को सूचना दी। जब तक वह और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तब तक कार्यालय के भीतर रखे सामान में आग फैल चुकी थी। कार्यालय में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास करते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार्यालय में रखे लाखों के उपकरण, फर्नीचर तथा कई महत्वपूर्ण अभिलेख जलकर नष्ट हो चुके थे।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि नष्ट हुए ड्रोन और अन्य उपकरण अत्यंत महंगे थे तथा प्रारंभिक आकलन के अनुसार 20 लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है।