फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: ट्रांसफॉर्मर में धमाके के बाद लगी आग, 10 दुकानें जलीं

विज्ञापन
मिहींपुरवा में ट्रांसफार्मर में लगी आग। - स्रोत : स्थानीय लोग
विज्ञापन
मिहींपुरवा। कस्बे के सबसे व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग चौराहे पर लगे ट्रांसफॉर्मर में शुक्रवार देर रात धमाके के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों और मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 10 दुकानें, दो मकान, एक कार और एक बाइक जलकर नष्ट हो गईं। सिलिंडर विस्फोट और ट्रांसफॉर्मरों में लगातार हो रहे धमाकों से रातभर पूरे कस्बे में दहशत का माहौल बना रहा।
विज्ञापन


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब दो बजे चौराहे पर लगे ट्रांसफॉर्मर से धुआं निकलना शुरू हुआ। कुछ ही देर बाद तेज धमाके के साथ ट्रांसफॉर्मर फट गया। इसके बाद निकली चिंगारियां और आग की लपटें आसपास की दुकानों, बिजली के तारों और टीनशेडों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते पूरा चौराहा आग की चपेट में आ गया।

लोग जब तक नींद से जागकर बाहर निकले, तब तक कई दुकानें आग की लपटों में घिर चुकी थीं। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों, पाइपों और पानी के टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान एक दुकान में रखा गैस सिलिंडर फट गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे अफरा तफरी मच गई।
विज्ञापन


सूचना मिलने पर मोतीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक व्यापारियों को भारी नुकसान हो चुका था।

आग में रईश, शाहिद, लल्ला, राकेश कुमार, नरेंद्र, रिंकू, दीनबंधु, वीरेंद्र, लाड़ले, मनोज, शहजादे, संजय कुमार, आदित्य वर्मा और मुकेश कुमार समेत कई व्यापारियों की दुकानें जल गईं। राकेश कुमार की कार और नरेंद्र की बाइक भी पूरी तरह नष्ट हो गई। संजय कुमार का किराना स्टोर और गोदाम पूरी तरह जल गया।

अकेले उनके यहां करीब 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार कुल नुकसान एक करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। आग की चपेट में आकर दो ट्रांसफॉर्मर, बिजली की केबल और तार भी जल गए। इसके चलते पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।


तेल रिसाव से आग ने लिया विकराल रूप
घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीओ लल्लन प्रसाद ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के बाद पास में रखे 800 केवी और 600 केवी क्षमता के ट्रांसफॉर्मरों से तेल का रिसाव शुरू हो गया। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई और उसने विकराल रूप धारण कर लिया। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय से दो नए ट्रांसफॉर्मर मंगा लिए गए हैं। बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


दिन में होता हादसा तो बढ़ सकती थी तबाही
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार और घनी आबादी के बीच एक साथ कई ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। इनके आसपास दुकानों का निर्माण होने से लंबे समय से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। यदि यह घटना दिन के समय होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। ट्रांसफॉर्मरों से निकल रहा जलता तेल राहगीरों और दुकानदारों पर गिर सकता था, जिससे जान-माल का नुकसान कहीं अधिक होता।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें