बहराइच। शहर के बंजारी मोड़ के पास स्थित एक आवास में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो बाइक जलकर खाक हो गईं। घटना की सूचना पर दमकलकर्मी व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची व आग पर काबू पाया जिससे मकान में कोई क्षति नहीं हुई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बंजारी मोड़ मोहल्ले में शिवम सिंह का घर है। बदलते मौसम के कारण बिजली की कटौती होती रही। इसी बीच घर के बाहरी हिस्से में रविवार रात बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। वहीं पर एक बुलेट व एक अपाचे गाड़ी खड़ी हुई थी। आग की चपेट में आने से दोनों पूरी तरह जलकर राख हो गईं। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। देहात कोतवाल प्रेमपाल सिंह ने फायर बिग्रेड को सूचना देकर मौके पर पहुंचे। फायर बिग्रेड व पुलिस टीम ने मिलकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों गाड़ियां जलकर राख हो चुकी थीं। कोतवाल ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे मकान को नुकसान हो गया।