बहराइच। जिले के जरवल ब्लॉक में फाइलेरिया संक्रमण की दर सबसे अधिक मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे विशेष प्राथमिकता पर रखा है। संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए विभाग यहां एमडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) अभियान के तहत 2.78 लाख लोगों को दवा खिलाएगा।
अभियान की सफलता के लिए बुधवार को जरवल ब्लॉक में दवा वितरण कर्मियों और सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें कर्मियों को परिवार रजिस्टर भरने, घर-घर जाकर संवाद करने और दवा से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने के तरीके सिखाए गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुंवर रितेश ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों से होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिससे अंगों में सूजन जैसी समस्याएं होती हैं।
बीसीपीएम सोनी जायसवाल के अनुसार यह अभियान 10 से 28 फरवरी तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें हर गांव और मोहल्ले में जाकर अपनी देखरेख में दवा खिलाएंगी। यह दवा गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर सभी के लिए अनिवार्य है। अधीक्षक ने अपील की है कि जरवल ब्लॉक को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए ग्रामीण स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें।