नवाबगंज के बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति पर उतारी जा रही डीएपी। -संवाद
नवाबगंज। बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति पर बृहस्पतिवार को 300 बोरी डीएपी खाद की नई पहुंची है। खेतों में पलेवा और मौसमी फसलों के लिए इस समय डीएपी की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है, ऐसे में खाद की कमी से परेशान किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
समिति में आई खाद को गोदाम में सुरक्षित भंडारित किया जा रहा है। वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए बृहस्पतिवार को किसानों से पासबुक जमा कराई गई। समिति के प्रभारी लोकपति तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को डीएपी खाद का वितरण सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोशिश रहेगी कि सभी किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद उपलब्ध कराया जाए, जिससे वह समय से खाद हासिल कर सकें।
किसान नंद किशोर, बबलू सिंह, संजय सिंह व दिनेश का कहना है कि समय पर खाद न मिलने से उनकी फसलें प्रभावित हो रही थीं, लेकिन अब वितरण की तारीख तय होने से उन्हें उम्मीद बंधी है। समिति प्रबंधन ने भी आश्वासन दिया है कि सभी पात्र किसानों को आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराई जाएगी।