बहराइच। गौरा पिपरा में टटिया लगाने के विवाद में एक व्यक्ति पर उसके भाई व भतीजे ने सरिया से हमला कर दिया। बचाने दौड़े बेटे को भी आरोपियों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। घायल पिता-पुत्र को ग्रामीणों ने सीएचसी पहुंचाया। पुलिस नेे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत ग्राम पंचायत गौरा पिपरा निवासी बलीराम चौहान पुत्र भूपत चौहान शनिवार शाम को झोपड़ी में टटिया लगा रहे थे। टटिया लगाने का भाई जोद्धी प्रसाद व भतीजे दशरथ व राधेलाल ने विरोध किया। इस पर बलीराम ने अपनी जमीन पर टटिया लगाने की बात कही।
इससे नाराज भाई व भतीजों ने बलीराम पर सरिया व दुरमुट से हमला कर दिया। जिससे बलीराम का सिर फट गया। वह जमीन पर गिर गया। बलीराम का पुत्र ओमप्रकाश बचाने दौड़ा। इस पर हमलावरों ने उसे भी पीटकर लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल पिता-पुत्र को सीएचसी पहुंचाया। ओमप्रकाश ने कोतवाली में तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बलीराम की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है। तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।