बहराइच। गोंडा-बहराइच मार्ग पर रविवार सुबह सड़क पार कर रही एक विवाहिता की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गई। वह नित्यक्रिया के लिए सड़क पार कर रही थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विशेश्वरगंज थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कंछर के मजरा ईश्वरपुरवा निवासी अमित शुक्ल की पत्नी प्रीति देवी (24) रविवार सुबह पांच बजे नित्यक्रिया के लिए खेत जा रही थी। वह गोंडा-बहराइच राजमार्ग पार कर रही थी। तभी गोंडा की ओर से अज्ञात वाहन आ गया। उसने सड़क पार कर रही प्रीति को रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने पुलिस व परिवार के लोगों को सूचना दी। एसओ मनोज कुमार राय ने बताया कि उपनिरीक्षक रियाज अहमद के साथ पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।