बहराइच। कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने मां की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। दुष्कर्म के आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के बाद सीओ ने गांव पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। पीड़िता को परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 साल की लड़की अपने घर में पिता के साथ रहती थी। शनिवार की रात वह घर में मौजूद थी। तभी देर रात उसको पिता ने कमरे में बंद कर दिया और उससे अश्लील हरकत शुरू कर दी। किशोरी ने विरोध करते हुए चीखने का प्रयास किया।
उसकी मां अपने मायके गई थी। इसी का फायदा उठाकर पिता ने कमरे में बंद कर बेटी से दुष्कर्म किया। पिता ने वारदात को अंजाम देने के बाद सुबह उसे छोड़ा, जिस पर परिवार के लोगों ने उसकी मां व मामा को सूचना दी। दोनों रविवार की सुबह घर पहुंचे। इसके बाद बेटी ने उन्हें आप बीती सुनाई। मां ने वारदात की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक एके सिंह गांव पहुंचे। पिता घर से फरार था। इसके बाद दबिश देकर उसे गांव के पास ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी टीएन दूबे ने बताया कि मां की तहरीर मिलने पर किशोरी के पिता के खिलाफ दुष्कर्म, पिटाई आदि धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मां बोली, भेज दो जेल
कोतवाली देहात मेें पुलिस की ओर से पीड़िता की मां से बात की गई तो किशोरी की मां ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी बहन और बेटी को सम्मान नहीं देता, उसे जेल भेज देना चाहिए। आरोपी को जेल भेज दो, मुझे और कुछ नहीं कहना है।