चित्तौरा। मछियाही गांव में बृहस्पतिवार रात एक किसान ने लाइसेंसी बंदूक से अपने सिर में गोली मार ली। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की है। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
कोतवाली देहात के ग्राम मछियाही निवासी किसान हर्षवर्धन (45) बृहस्पतिवार रात घर में अपने कमरे में मौजूद थे। परिजन घर के अन्य हिस्से में अपना कार्य कर रहे थे। तभी हर्षवर्धन के कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन भाग कर कमरे में पहुंचे तो उन्होंने हर्षवर्धन को लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा देखा। सिर में गोली लगने से उनकी मौत हो चुकी थी। जमीन पर उनकी लाइसेंसी बंदूक पड़ी थी। घटना की सूचना मृतक के भाई आनंद वर्धन ने पुलिस को दी। पुलिस ने बंदूक को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देहात कोतवाली प्रभारी दद्दन सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई है।