बहराइच। सड़क हादसों में बृहस्पतिवार रात बाइकसवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवकों ने बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहन रखा था। मृतकों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रुपईडीहा के तुलसीपुर निवासी सोनू कुमार सोनकर अपने बहनोई बंशीधर के साथ बृहस्पतिवार रात बाइक से रुपईडीहा की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक में तेज रफ्तार कार की टक्कर लग गई। इससे सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके बहनोई बंशीधर को मामूली चोटें आईं।
इससे पहले कि सोनू को अस्पताल पहुंचाया जाता, उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दूसरी ओर रिसिया के पटना घोसियारी निवासी सरोज कुमार (19) बृहस्पतिवार को बाइक से जुनैठा से पटना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पटना मोड़ के निकट एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उन्हें टक्कर लग गई। इससे सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई इंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।